नारायणबगड़ । उत्तरी कड़ाकोट पट्टी के कोट-भटियाणा-भुलक्वाणी गांव की अराध्या नैणी देवी अपनी छह माह की देवरा यात्रा पूरी करके भटियाणा गांव पहुंचीं। भक्तों ने माता के जयकारे लगाए और मांगल गीतों से देवी का स्वागत किया। भटियाणा गांव में महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर देवी का स्वागत किया। बाजेगाजों के साथ यात्रा को भटियाणा गांव लाया गया। गांव में प्रवेश करने से पहले नैणी देवी ,भूमियाल और लाटू देवता के साथ अपनी जलधाराओं पर गईं और इसके बाद लक्ष्मी नारायण मंदिर में विराजमान हो गईं। नैणी देवी सेवा समिति के अध्यक्ष दिवाकर डिमरी ने बताया कि सोमवार को यात्रा भुलक्वाणी गांव के प्रवास पर जाएगी। इसके बाद 3 मार्च से 11 मार्च तक नैणी देवी के बन्याथ उत्सव का आयोजन होगा। संवाद