जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों की बैठक लेते हुए केंद्र पोषित शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा की। डीएम ने बताया कि ऑनलाइन चमोली जिले के सर्वे के तहत स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर पंचायत नंदप्रयाग अव्वल है। उन्होंने अन्य नगर पंचायत और पालिकाओं को भी शीघ्र स्वच्छता सर्वे कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डीएम ने भवन कर एवं बकाएदारों से वसूली सुनिश्चित करने, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त अभियान चलाने आदि के निर्देश दिए। डीएम ने पीएम आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और अधिशासी अधिकारियों को आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने नमामि गंगे परियोजना के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने सीवर नालों को शीघ्र सीवर ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ने, नदी किनारे गांवों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग कर उचित निस्तारण, नगर क्षेत्रों में सफाई एवं कचरा निस्तारण के ठोस इंतजाम करने को कहा। बैठक में डीएफओ अमित कंवर, पीडी प्रकाश रावत, ईई लोनिवि डीएस रावत, ईई जल संस्थान प्रवीन कुमार सैनी आदि मौजूद थे।