आयुर्वेदिक विवि में युवाओं को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप में पकड़े गये मृणाल धूलिया पर कर्णप्रयाग कोर्ट में भी मुकदमा चल रहा है। उस पर चमोली जिले में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में मृणाल पर चेक बाउंस का मामला चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक मृणाल धूलिया ने गौचर के नरेंद्र सिंह बिष्ट से देहरादून में जमीन दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये लिए थे, लेकिन जमीन नहीं दिलाई। आरोप है कि नरेंद्र सिंह ने अपने पैसे वापस मांगे तो मृणाल धूलिया ने नरेंद्र सिंह को पांच लाख का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। इस पर बिष्ट कोर्ट चले गए।
उनके वकील रवींद्र पुजारी ने बताया कि कोर्ट की ओर से आरोपी मृणाल धूलिया के खिलाफ उसके ज्ञात पतों पर समन भेजे गये। लेकिन आरोपी के फरार चलने के कारण उन पर तामील न हो सकी। पीड़ित नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी मृणाल धूलिया के गिरफ्तार होने से अब उन्हें भी अब न्याय मिलने की उम्मीद बंधी है। संवाद