गदेरे से गुजरते हैं वाहन, बरसात में आवाजाही हो जाती है बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। ब्लॉक के बलाण गांव में पीएमजीएसवाई सड़क पर स्वीकृत मोटर पुल का काम चार साल बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। यह पुल 2022 में स्वीकृत हुआ था लेकिन निर्माण कार्य अब तक अटका हुआ है। ऐसे में यहां गदेरे से आवाजाही होती है और बरसात में गदेरे का जलस्तर बढ़ने पर यातायात बाधित हो जाता है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से पुल का काम शीघ्र शुरू करने की मांग की।
ग्राम प्रधान खीमी राम, बीडीसी सदस्य प्रदीप दानू, गोविंद बिष्ट, रणजीत सिंह और वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बरसात में गदेरे का जलस्तर बढ़ने से गांव की आवाजाही ठप हो जाती है। कार्यदायी संस्था रुफ एंड ब्रिज ने पुल के एबेडमेंट का काम तक शुरू नहीं किया है। यह पुल हिमनी-बलाण सड़क पर बनना था। वहीं रुफ एंड ब्रिज के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष राठौर ने कहा कि सड़क का लेबल ऊंचा है। उसे नीचे करना पड़ेगा तभी पुल का निर्माण हो सकता है। बताया कि सड़क के लेबल को ठीक करने के लिए पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखा गया है।
फोटो
निर्माण के दो दिन बाद ही ढह गई दीवार
आदिबदरी। आदिबदरी कंवासेरा-थापली मार्ग पर 85 लाख रुपये की लागत से हो रहे डामरीकरण और दीवार निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ गए हैं। खिल स्थान पर बनी एक दीवार निर्माण के दो दिन बाद ही ढह गई। सामाजिक कार्यकर्ता विजयेश नवानी ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब अन्य दीवारों के भी गिरने का खतरा बना हुआ है। नवानी ने पक्की चट्टान तोड़कर पत्थरों के उत्खनन पर भी चिंता जताई। उन्होंने लोनिवि से निर्माण कार्यों में मानकों का पालन सुनिश्चित करने और पत्थर निकालने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। वहीं लोनिवि के जेई अनुराग बैंजवाल ने कहा कि जल्द मौके का निरीक्षण करेंगे और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद