चमोली जिले के दौरे पर आए जिले के प्रभारी मंत्री व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज को विभिन्न संगठनों ने ज्ञापन सौंपे। चमोली जिला बार एसोसिएशन ने वीडियो कांफ्रेंस भवन और कंप्यूटर सिस्टम के लिए 40 लाख रुपये की मांग की। संघ के जिलाध्यक्ष भरत सिंह रावत, सचिव संदीप रावत व अन्य अधिवक्ताओं ने पर्यटन मंत्री से कहा कि विभिन्न न्यायालयों में सुनवाई के लिए एक वीडियो कांफ्रेंस भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। पर्यटन मंत्री ने शीघ्र मांग पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के कर्मचारियों ने पर्यटन मंत्री से नियमितीकरण की मांग उठाई है। ज्ञापन सौंपने वालों में जीएमवीएन कर्मचारी संगठन के सचिव श्याम लाल सेंजवाल, नवन किशोर नेगी, यशवंत सिंह, राजपाल पंवार, सुमन पंवार, बलवीर सिंह चंद्रप्रकाश आदि शामिल थे। वहीं, बीएड (टीईटी-प्रथम) प्रशिक्षित महासंघ ने सरकार से प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की भर्ती में 31 मार्च 2021 तक रिक्त हुए सभी पदों को शामिल करने की मांग की। इस मौके पर बलवीर सिंह, सरिता, विमला, रेखा, विमला, धीरज, वीरेंद्र कुमार आदि शामिल थे।
महाराज को बताई समस्याएं
कर्णप्रयाग। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के समक्ष स्थानीय लोगों ने उमा देवी मंदिर का प्रवेश द्वार और दीन दयाल पार्क बनाने की गुहार लगाई। भाजपा कार्यकर्ता व व्यापार संघ अध्यक्ष बृजेश बिष्ट, युवा मोर्चा के जिला मंत्री नवीन पुजारी, धर्मबीर रावत, देवेंद्र डिमरी व राकेश चंद्र आदि ने इस संबंध में सतपाल महाराज को ज्ञापन सौंपा। महाराज ने कहा कि जल्द इस मामले में अधिकारियों से फाइल तलब कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा लोगों ने चांदपुरगढ़ी-नौना-पयां, केड़ा व पंडाव गांवों की सड़क पर काम शुरू करने व उज्ज्वलपुर-डुंगरी मार्ग पर आडागाड़ गदेरे में पुल बनाने की मांग भी उठाई। संवाद