विद्यार्थियों और श्रमिकों को एसडीआरएफ व अग्निशमन विभाग ने दिए सुरक्षा के टिप्स
गोपेश्वर/पीपलकोटी। आपदा प्रबंधन दिवस के तहत चमोली जिले में 25 से 28 नवंबर तक मॉक अभ्यास और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को गैरसैंण और पोखरी के विभिन्न विद्यालयों में एसडीआरएफ एवं अग्निशमन विभाग की टीमों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को आपदा से बचाव की जानकारी दी। इस दौरान भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और आगजनी से बचाव के तरीके बताए गए। विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली ड्रॉप, कवर एंड होल्ड तकनीक का प्रदर्शन भी किया गया। वहीं, ज्योतिर्मठ में सड़क दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का मॉक अभ्यास किया गया। गौचर की निर्माणाधीन रेलवे सुरंग में श्रमिकों को भूस्खलन, मलबा गिरने और फ्लैश फ्लड जैसी घटनाओं से बचाव के तरीके बताए गए। अधिकारियों ने आपात स्थिति में त्वरित सूचना देने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।