गौचर। कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने देहरादून में खेल मंत्री रेखा आर्या से भेंटकर गौचर में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम का काम शीघ्र शुरू कराने की मांग की। उन्होंने खेल मंत्री को बताया कि यहां मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण होने से क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक नया मंच मिलेगा जिससे युवाओं को राज्य, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धओं में अपना हुनर दिखाने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही विधायक ने नंदा गौरा योजना के तहत चमोली जिले में बालिकाओं को इसका लाभ न मिलने की शिकायत की और शीघ्र इस पर कार्यवाही की मांग की। विधायक अनिल नौटियाल ने बताया कि खेल मंत्री ने सभी प्रकरणों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। संवाद