जंगल में रिंगाल लेने गए किरुली गांव के एक व्यक्ति का शव चार दिन बाद पुलिस ने ढूंढ तो लिया है, लेकिन गहरी खाई में जाने के लिए रास्ता न होने के कारण रविवार देर सांय तक भी शव को खाई से नहीं निकाला जा सका। पुलिस ने शव निकालने के लिए एसडीआरएफ की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, बीती 18 जनवरी को किरुली गांव निवासी 46 वर्षीय मोहन लाल अपनी 13 वर्षीय भतीजी सरिता के साथ जंगल में रिंगाल लेने गया था। जब देर रात तक भी दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजन व ग्रामीण उन्हें खोजने जंगल गए। देर रात सरिता जंगल में मिली।
सरिता ने परिजनों को बताया कि जंगल में रिंगाल लेने के बाद जब वे लौट रहे थे तो रास्ते में चाचा मोहन लाल का पैर फिसल गया जिसके कारण वह गहरी खाई में जा गिरे और वह जंगल में रास्ता भटकने के चलते घर नहीं पहुंच पाई। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस चौकी पीपलकोटी को दी। तीन दिनों तक काफी खोजबीन के बाद रविवार को मोहन का शव गहरी खाई में पड़ा मिला।
पीपलकोटी चौकी प्रभारी एसआई सतेंद्र ने बताया कि शव करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में है। यहां जाने के लिए रास्ता भी नहीं है। जिला प्रशासन से एसडीआरएफ टीम की मांग की गई है। सोमवार को टीम के पहुंचने के बाद शव को खाई से निकाला जाएगा।