गोपेश्वर। चमोली जिला सहकारी बैंक लिमिटेड ने ग्रामीण उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अपनी बैंक शाखाओं में माइक्रो एटीएम की व्यवस्था शुरू कर दी है। इस नई सुविधा से दूरस्थ गांवों के लोगों को अब धनराशि निकालने के लिए लंबी दूरी तय कर बाजारों या अन्य कस्बों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे ग्रामीण करीब दस हजार तक की धनराशि निकाल सकेंगे।
चमोली जिला सहकारी बैंक के अंतर्गत वर्तमान में 34 बैंक शाखाएं और 78 प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियां संचालित हैं। इनमें रुद्रप्रयाग जिले की आठ बैंक शाखाएं और 25 सहकारी समितियां भी शामिल हैं। बैंक की अधिकांश शाखाएं ग्रामीण क्षेत्रों के निकट स्थित हैं जिससे उपभोक्ताओं को इस सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा। बैंक के महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि माइक्रो एटीएम पर सभी बैंकों के एटीएम कार्ड से नकदी निकाली जा सकेगी। बैंक का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराकर लोगों को बेहतर और आसान सेवाएं प्रदान करना है।