संतानदायिनी माता अनसूया की दिवारा यात्रा बुधवार को बाटुला-मायापुर क्षेत्र का भ्रमण करने के बाद अपने भक्तों से मिलने बिरही गांव पहुंचीं। गांव में माता अनसूया का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। यहां भक्त तारेंद्र दत्त के यहां माता रात्रि विश्राम करेंगी। बाटुला गांव में भक्तों ने रात्रि जागरण कर पति सेवा करके अनसूया जग में हुई महान..., तीन देवों का किया लालन-पालन, जय माता अनसूया..., तेरी ज्योत जली माता... जैसे भजन कीर्तन कर अपनी आराध्य देवी की आराधना की। भक्तगण इस ठंड में भी माता के साथ गांव-गांव भ्रमण कर रहे हैं। दिसंबर माह में मंडल घाटी में दो दिवसीय अनसूया मेले का आयोजन होगा। इस मौके पर दिवारा यात्रा के महाप्रबंधक भगत सिंह बिष्ट, प्रबंधक हरेंद्र सिंह बिष्ट, तीर्थ पुरोहित बलराम तिवारी, विनोद सेमवाल, तारेंद्र थपलियाल, जयकृष्ण मैठाणी, विक्की, नीरज, प्रभात, आशीष, अजय, विजय और ताजबर आदि मौजूद थे।