बदरीश और शेषनेत्र झील की पीआईयू ने करवाई सफाई
संंवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत रीवर फ्रंट के कार्यों में तेजी आ गई है। आगामी बरसात सीजन से पहले कार्यदायी संस्था पीआईयू को रीवर फ्रंट के कार्यों को नदी के जलस्तर से ऊपर उठाना है जिसे देखते हुए इन दिनाें लगातार कार्य किया जा रहा है। साकेत तिराहा से अलकनंदा पुल तक रीवर फ्रंड के कार्य लगभग अंतिम चरण में हैं जबकि खाक चौक की ओर कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं। इधर पीआईयू की ओर से शेषनेत्र और बदरीश झील की सफाई कर यहांं जमे शैवाल को निकाला गया।
बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत द्वितीय चरण में रीवर फ्रंट, बदरीनाथ मंदिर परिसर, तीर्थपुरोहित आवास और अस्पताल भवन के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। रीवर फ्रंट के कार्य ब्रह्म कपाल से खाक चौक के समीप तक किए जा रहे हैं। पीआईयू के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल का कहना है कि बरसात से पहले रीवर फ्रंट के कार्यों को अधिक से अधिक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके लिए मजदूरों की संख्या भी बढ़ा ली गई है। अलकनंदा का जलस्तर बढ़ने से कार्य प्रभावित हो जाते हैं। तीर्थ पुरोहित आवास और अस्पताल भवन का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।