विजय दिवस की स्वर्ण जयंती पर शहीद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में शहीद सैनिकों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस और एनसीसी के जवानों ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। इस दौरान डीएम ने वर्ष 1971 युद्ध के शहीदों के परिजन और सैनिकों को सम्मानित किया। कहा गया कि इस युद्ध की स्वर्ण जयंती पर पूरा माह गौरव माह के रूप में मनाया जा रहा है।
डीएम स्वाति एस भदौरिया ने शहीद हवलदार सुरेशानंद पुरोहित की पत्नी कमला देवी, राइफलमैन स्व. गोविंद सिंह की पत्नी ऊखा देवी, पूर्व सूबेदार अब्बल सिंह, ऑनरेरी कैप्टन बीएस तोपाल, पूर्व सूबेदार मेजर शिवराज सिंह, हवलदार नरेंद्र सिंह बर्तवाल, नंदन सिंह बिष्ट, पूर्व नायक महिताब सिंह भंडारी, शिवराज सिंह नेगी, गबर सिंह नेगी और महिपाल सिंह को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ले. कर्नल बीएस रावत ने बताया कि इस युद्ध में चमोली जिले के 44 सैनिक शहीद और 19 घायल हुए थे। आठ सैनिकों को गैलेंटरी अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर सीडीओ हंसादत्त पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र लाल, सुरेंद्र सिंह लिंगवाल सहित अधिकारियों और पूर्व सैनिक सहित शहीद सैनिकों के परिजनों ने शहीदों को पुष्प अर्पित किए।