करंट हादसे के बाद शोक में बृहस्पतिवार को चमोली जिले के सभी बाजार बंद रहे। गोपेश्वर, चमोली, पीपलकोटी, जोशीमठ, नंदप्रयाग सहित अन्य बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा। यहां तक कि मेडिकल स्टोर भी नहीं खुले। टैक्सियों का संचालन बंद रहा जिससे कई लोगों को आवाजाही में दिक्कतें हुईं। बाजार में मेडिकल स्टोर से लेकर चाय, सब्जी, दूध आदि की दुकानें भी बंद रहीं।
पीपलकोटी चौकी में भी सन्नाटा
चौकी इंचार्ज प्रदीप रावत की हादसे में मौत से पूरे नगर में शोक की पहर है। वहीं चौकी में भी सन्नाटा पसरा रहा। चौकी इंचार्ज प्रदीप रावत इतने मृदुभाषी थे कि वे अपने सिपाहियों के साथ ही नहीं बल्कि आम लोगों के बीच भी लोकप्रिय थे। ऐसे अधिकारी की आकस्मिक मौत से सभी सिपाहियों के साथ पूरे बाजार के लोग गमगीन हैं।