दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में डीएम ने ली बैठक, दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी आदेशों के क्रम में डीएम ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि 13 जून तक राष्ट्रीय राजमार्ग के सुरक्षा क्षेत्र में बने आवासीय व व्यवसायिक भवनों का चिह्निकरण किया जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। इसी के तहत कोर्ट ने सभी डीएम व पुलिस अधीक्षकों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम गठित की जाए। कोर्ट के आदेशों के क्रम में सभी रेखीय विभागों को एसओपी जारी करें। जिले में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए बैरियरों की जानकारी एक सप्ताह में उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी विभागों को सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य तेजी से पूरा कर पूर्णता की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सिविल जज व सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, सीएमओ डॉ. अभिषेक गुप्ता आदि मौजूद रहे।