श्री देव सुमन विश्वविद्यालय की ओर से जारी मार्कशीट में त्रुटियों के कारण छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं ने परीक्षा किसी विषय की दी जबकि नेट से प्राप्त मार्कशीट में अन्य विषय प्रिंट हो रखे हैं। मार्कशीट में सुधार के लिए कई छात्रों को टिहरी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
छात्र विपिन बिष्ट ने राजकीय महाविद्यालय कर्णप्रयाग से राजनीति विज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी विषय में बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षा दी थी। परंतु नेट से प्राप्त मार्कशीट में अंग्रेजी विषय के स्थान पर अर्थशास्त्र विषय प्रिंट है। वहीं बीए द्वितीय की छात्रा नीलम ने हिंदी, राजनीति विज्ञान और संस्कृत विषय की परीक्षा दी थी। परंतु नेट से प्राप्त अंकतालिका में संस्कृत विषय की जगह अंग्रेजी विषय अंकित हुआ है। अब विषय में सुधार के लिए श्री देव सुमन के कार्यालय नई टिहरी जाना पड़ेगा।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अनिल कुमार, संजय असवाल, सूरज सिंह और सुनील कुमार का कहना है कि विश्वविद्यालय की तकनीकी कमियों का खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। टिहरी जाने में समय की कमी के साथ-साथ आर्थिक दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है। कई छात्र-छात्राएं इस गलती के कारण बैक पेपर भी नहीं भर पा रहे हैं। छात्र-छात्राओं ने मांग की कि विवि को महाविद्यालय में ही त्रुटि संशोधन की व्यवस्था करानी चाहिए, ताकि छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए महाविद्यालय की ओर से उनकी उपस्थिति का सत्यापन कर संबंधित छात्र, छात्रा को श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के लिए भेज दिया जाता है। जहां अंकतालिका में सुधार हो जाता है। - जीसी बेंजवाल, प्रभारी प्राचार्य पीजी कालेज कर्णप्रयाग।