देश के अंतिम गांव माणा के पीछे पहाड़ी पर सोमवार को दिनभर आग लगी रही। पिछले वर्षों तक इन दिनों माणा गांव की ऊंची पहाड़ियां बर्फ से ढकी रहती थीं। इस साल अभी तक बर्फबारी नहीं होने से इन पहाड़ियों पर आग लगी हुई है।
सोमवार सुबह करीब सात बजे माणा गांव के पीछे सूखी घास पर आग लग गई, जो देखते ही देखते पहाड़ी के शीर्ष भाग तक जा पहुंची। सुबह ग्यारह बजे पोखरी से पहुंचे पर्यावरण शिक्षक धन सिंह घरिया ने बदरीनाथ वन प्रभाग के दो कर्मचारियों के साथ आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज लपटें और हवा के कारण वे आग पर काबू नहीं पा सके।
देर शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। ऊंचाई वाले क्षेत्रों के साथ ही जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी नहीं होने से पहाड़ियों पर सूखी घास आसानी से आग पकड़ रही है।