डीएम ने ली बैठक, देवाल पीएचसी के डॉ. के शामिल नहीं होने पर सर्विस ब्रेक के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में कोविड जांच किट, पर्याप्त मास्क और आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सरकार की ओर से जारी कोविड एडवाइजरी के क्रम में डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पीएचसी देवाल के डॉ. विजय वृत्त बैठक में नहीं जुड़े। डीएम ने उनका एक दिन का वेतन काटने और सर्विस ब्रेक करने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सकों को कोई भी संदिग्ध मरीज मिलने पर उसका नाम, मोबाइल नंबर, पता, उनकी संख्या, ट्रेवल हिस्ट्री सभी नोट करने को कहा। डीएम ने सीएमओ को सभी अस्पतालों में रैपिड एंटीजन जांच किट उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य केंद्रों में ऑक्सीजन सिलिंडर, पल्स ऑक्सीमीटर की उचित व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित अन्य अस्पतालों से डॉक्टर वर्चुअली जुड़े रहे।