श्री बदरीनाथ धाम के डिमरी पुजारियों के गांव डिम्मर में ग्रामीणों ने मां उमा के पौराणिक मंदिर में माता को नए अनाज का बाड़ी (आटे से बना प्रसाद) और भात का भोग लगाया।
आचार्यों ने दुर्गा सप्तशती मंत्रों से मां उमा देवी की पौराणिक मूर्ति का पंचद्रव्यों से महाभिषेक कर पंचज्वाला आरती की। दोपहर को माता को नए अनाज का बाड़ी-भात सहित अन्य 56 भोग लगाए गए।
क्षेत्र के दर्जनों गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देवी की आराधना कर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद मां उमा की पवित्र चौकी और दीपक को लेकर ग्रामीण देवी की स्तुति कर खल्दार तोक से चौरींचौक तक गए।
जहां पर देवी-देवताओं के पश्वाओं ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया। इस मौके पर प्रणवेंद्र प्रसाद डिमरी, हर्षवर्द्धन डिमरी, विजयराम डिमरी, बुद्धि बल्लभ डिमरी, उमा प्रसाद डिमरी, जगदीश चंद्र, नरेश चंद्र खंडूड़ी, मोहन प्रसाद डिमरी, द्वारिका प्रसाद डिमरी, संदीप डिमरी सहित डिम्मर, नाकोट, सेंण, भभराड़ी, राड़खी, मज्याड़ी और बगड़ सहित अन्य गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु यहां पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया।