ल्वाणी गांव में आयोजित ग्राम पंचायत और महिला मंगल दल की बैठक में शराब के प्रचलन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
कहा गया यदि गांव में होने वाले विवाह सहित अन्य सामाजिक समारोह में शराब पिलाई गई तो 10 हजार का अर्थदंड लगाया जाएगा। बैठक में महिला मंगल दल अध्यक्ष कमला देवी ने कहा कि शराब के बढ़ते प्रचलन से गांव का माहौल खराब हो गया है।
गांव में कुछ बाहरी व्यक्तियों की ओर से भी लगातार अवैध शराब पहुंचाई जा रही है। ऐसे में पारिवारिक और सार्वजनिक विवाद भी गांव में हो रहे हैं। ग्राम प्रधान महेशी देवी ने कहा कि शराब का प्रचलन रोकने के लिए महिलाओं की एक टीम जल्द गठित की जाएगी।
इस अवसर पर मान सिंह बिष्ट, नरेंद्र सिंह, नाथो सिंह और विमला देवी आदि ने भाग लिया।