आमतौर पर पहले हेमकुंड साहिब के साथ खुलते थे, बुध पूर्णिमा पर्व के कारण पहले खोले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
जोशीमठ। हेमकुंड साहिब स्थित लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट बृहस्पतिवार को बुध पूर्णिमा के पावन पर्व पर विधि विधान के साथ खोल दिए गए। आमतौर पर हेमकुंड साहिब के साथ ही लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी खुलते हैं लेकिन इस बार बुध पूर्णिमा पर मंदिर के कपाट खोल दिए गए। मंदिर के पुजारी कुशल सिंह व मनीष पांडे ने पूजा-अर्चना की और भोग लगाया।
15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित लोकपाल लक्ष्मण मंदिर हेमकुंड साहिब के सरोवर के पास स्थित है। देश में यह सबसे ऊंचाई पर स्थित लक्ष्मण मंदिर है। मंदिर को लेकर मान्यता है कि लक्ष्मण जी ने यहां पर शेषनाग के रूप में तपस्या की थी। भ्यूंडार के ग्रामीण मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर ग्रीष्मकाल के लिए खुलता है और शीतकाल में मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। मगर रक्षा बंधन और जन्माष्टमी जैसे खास पर्व पर ग्रामीण यहां भारी संख्या में पहुंचते हैं। वर्तमान में यहां पर बर्फ जमी हुई है। कपाट खुलने के समय कुंदन सिंह, ईश्वर सिंह, बसावर सिंह, देवेश सिंह, रूपेश सिंह आदि मौजूद रहे।