ग्वालदम और नारायणबगड़ में अंग्रेजी शराब की दुकानों में अनियमितता मिलने पर प्रशासन ने दोनों दुकानों पर 1.85 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
बीते दिनों जिला आबकारी विभाग को दोनों दुकानों में अनियमितता की शिकायतें मिली थीं, जिस पर आबकारी विभाग की ओर से शराब की दुकान के अनुज्ञापियों को नोटिस भेजे गए थे। जांच में पता चला कि कोरोना कर्फ्यू के दौरान भी शराब की दुकान से शराब बेची गई जिस पर दुकान से शराब का स्टॉक कम मिला।
आबकारी विभाग की जांच व निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने ग्वालदम की दुकान पर एक लाख रुपये और नारायणबगड़ की दुकान पर 85 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माना भरने के बाद ही दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही दोनों दुकान स्वामियाें को चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि दुकानों में अनियमितता मिलीं तो दुकान स्वामियों को दुकानों की निविदाओं में शामिल होने पर काली सूची में डाल दिया जाएगा।