ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ हाईवे पर अणीमठ में जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। मंगलवार देर रात को यहां एक वाहन फंसने से करीब दो किमी तक लंबा जाम लग गया।
ऐसे में यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद यहां जाम खुल पाया। बदरीनाथ हाईवे पर अणीमठ में पहले हाईवे धंसने से वाहनों के संचालन में दिक्कत आ रही थी। उसके बाद बीआरओ की ओर से हाईवे पर सुधारीकरण कार्य किया गया। मगर मंगलवार को बारिश होने से यहां हाईवे पर बिछाई मिट्टी में कीचड़ हो गया जिससे वाहन फंसने लग गए।
इससे वहां जाम लगने लगा। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। करीब दो किमी तक वाहन खड़े रहे। बारिश के कारण ठंड में फंसे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्र शेखर वशिष्ठ ने बताया कि धंसे वाहनों को बाहर निकाला गया और पहले छोटे वाहनों की आवाजाही कराई गई।
इसके बाद बड़े वाहन भेजे गए। बताया कि हाईवे का सुधारीकरण कार्य किया गया लेकिन बारिश कारण कीचड़ हो गया जिससे जाम की स्थिति बन गई। स्थायी ट्रीटमेंट में समय लगेगा। अस्थायी तौर पर जो भी संभव हो सकेगा उसे कराया जाएगा।