ग्रामीण और वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। थराली व देवाल रेंज के अंतर्गत कुलिंग, देवसारी, सरकोट के जंगल आग में जल रहे हैं। हालांकि कुलिंग और पूर्णा की आग वन विभाग ने बुझा दी है लेकिन क्षेत्र में धुआं छाया हुआ है। अन्य जगहों पर आग बुझाने में वन कर्मियों की टीम जुटी हुई है।
क्षेत्र के जंगलों में आए दिन आग लगने से वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है। अब बीते रविवार से सरकोट व देवसारी के जंगल में भीषण आग लगी है। कुलिंग के जंगल में लगी आग बुझाने में वन विभाग की टीम ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने में लगी हुई है। कुलिंग के हुकम सिंह, सेलखोला के हेम मिश्रा, पूर्णा के ललित ने बताया कि जंगलों की आग के कारण क्षेत्र में धुआं छाया हुआ है। आंखों में जलन हो रही है और सांस के रोगियों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं वन दरोगा विजयपाल ने बताया कि पूर्णा के वन पंचायत की आग व कुलिंग की आग बुझा दी गई है। वन विभाग की टीम ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने में लगी है। उन्होंने लोगों से जंगल की आग बुझाने में लोगों से सहयोग की अपील की।