देवाल। निर्माणाधीन तीन किमी कोटियाड़ा सड़क के निरीक्षण के बाद सड़क कटिंग का काम शुरू हो गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग, पीएमजीएसवाई व वन विभाग की टीम ने चौड़ गांव व कोटियाड़ा के ग्रामीणों के साथ सड़क का निरीक्षण किया।
पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से बोरागाड़-चौड़ तीन किमी सड़क की कोटियाड़ा तक कटिंग की जा रही है। वर्ष 2018 में स्वीकृत सड़क पर कटिंग का काम हाईकोर्ट के आदेश के बाद पिछले माह शुरू हुआ लेकिन 800 मीटर सड़क कटने के बाद कोटियाड़ा के ग्रामीणों ने मलबा डंपिंग जोन में नहीं डालने पर 4 दिन पूर्व काम रोक दिया था। काम रोकने की सूचना पर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, वन विभाग व कार्यदायी संस्था के साथ सयुंक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रभारी राजस्व निरीक्षक हरीश पोखरियाल, कोटियाड़ा के सरंपच अशोक कुमार, चौड़ के राम सिंह, राजस्व उप निरीक्षक देवाल प्रमोद नेगी, पुष्कर नेगी, वन विभाग के पंकज पुरोहित व पीएमजीएसवाई के नवीन जोशी ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया।
चौड़ व कोटियाड़ा के ग्रामीणों के साथ हुए लिखित समझौता के बाद काम शुरू कर दिया गया। कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता नवीन जोशी ने बताया कि ठेकेदार को सड़क कटिंग का मलबा डंपिंग जोन में डालने के निर्देश दिए गए। संवाद