बैठक में चुनाव के लिए 11 सदस्यीय समिति का हुआ चयन, चुनाव अधिकारी नियुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। नगर व्यापार मंडल के निर्वाचन में आम सहमति नहीं बन पाई है। इस कारण अब नगर व्यापार मंडल के गठन के चुनाव होंगे। चुनाव के लिए 11 सदस्यीय समिति और चुनाव अधिकारी को नामित कर दिया गया है। समिति और चुनाव अधिकारी जल्द चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर तिथि घोषित करेंगे।
बृहस्पतिवार को नगर व्यापार मंडल के गठन के लिए बैठक की गई। बैठक में निवर्तमान कार्यकारिणी ने बीते तीन वर्षों में व्यापारी के हितों में किए गए कार्य और आय व्यय का ब्योरा दिया। इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन पर व्यापारियों से राय मांगी गई। चुनाव पर्यवेक्षक एवं जिला महामंत्री सुनील पंवार ने आम सहमति और चुनावी प्रक्रिया के विकल्प को व्यापारियों के सामने रखा। मगर आम सहमति नहीं बनने के कारण चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। पर्यवेक्षक सुनील पंवार ने बताया कि सत्यम नवानी, सुबोध डिमरी, खेमराज भंडारी, बृजेश बिष्ट, हरीश सती, राजेश नेगी, अनिल डिमरी, सलिल डिमरी, संजय लखेड़ा, हरीश पुरोहित और संजय अरोड़ा को कार्यकारिणी में रखा गया गया जबकि नरेश डिमरी को चुनाव अधिकारी नामित किया गया है। बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष वीरेंद्र मिंगवाल, महामंत्री देवराज रावत, कोषाध्यक्ष कांता बल्लभ, डॉ. एमएम नवानी, कुशल बिष्ट, प्रताप लूथरा, उमेश खंडूड़ी, अरविंद चौहान, कांति पुजारी और नरेंद्र पाल आदि मौजूद थे।