बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रवासियों और बेरोजगारों को ऋण के चेक और कृषि उपकरण दिए। इस दौरान कल्पी देवी को सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक के रूप में पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गंगा गाय महिला डेरी योजनांतर्गत गुड्डी देवी, प्रतिमा देवी, जया और गोल्डी देवी को 40 हजार धनराशि के चेक बांटे गए। कन्हैया सिंह, धीरज भारती, पंकज और संतोष कुमार को पॉली हाउस, मशरूम एवं सब्जी उत्पादन के लिए ऋण दिया गया। दशोली ब्लाक के बाटुला गांव के नंदा स्वयं सहायता किसान समूह, कठूड़ गांव के ज्वाला स्वयं सहायता किसान समूह और काश्तकार मनवर सिंह को 80 फीसदी अनुदान पर कृषि यंत्र बांट गए। सीडीओ हंसा दत्त पांडे ने कहा कि जिला योजना के अंतर्गत अभी तक 400 से अधिक बेरोजगार युवाओं का चयन किया गया है और हर महीने की 10 तारीख को ब्लाक में साक्षात्कार के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबन्धक डा. एमएस सजवाण आदि मौजूद थे।