ज्योतिर्मठ। लंबे समय से पेयजल किल्लत से जूझ रहे ज्योतिर्मठ नगर की समस्या जल्द दूर हो जाएगी। जल निगम की ओर से निर्माणाधीन ज्योतिर्मठ पेयजल योजना का निर्माण अब अंतिम चरण में है। इस योजना पर इन दिनों ट्रायल चल रहा है। जल निगम के अधिकारियों ने आगामी अगस्त माह से नगर में पेयजल सप्लाई सुचारु करने का दावा किया है।
वर्ष 2011 में स्थानीय लोगों की ओर से पानी को लेकर आंदोलन किया गया था। इसके बाद जिला प्रशासन की पहल पर क्षेत्र में जल विद्युत परियोजना का निर्माण कर रही कंपनी एनटीपीसी ने नगर में पेयजल योजना के निर्माण के लिए 15.81 करोड़ रुपये की धनराशि जल निगम को दी। वर्ष 2016 से इस पर काम शुरू हुआ। 10 किलोमीटर लंबी इस योजना पर डैलीसेरा से कवांण बैंड तक बिछाई गई पाइपलाइन का ट्रायल किया गया जो सफल रहा। इसी तरह आगे की लाइन का भी ट्रायल चल रहा है। वहीं जल निगम के सहायक अभियंता राजमोहन लाल गुप्ता ने बताया कि आगामी अगस्त माह के शुरुआत तक पेयजल योजना का काम पूरा कर नगर में पेयजल सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी। इन दिनों योजना का काम अंतिम चरण में है। संवाद