क्षेत्र की आराध्य देवी मां उमा के 12 वर्ष बाद छह माह के भ्रमण के लिए गर्भ गृह से बाहर आने के अवसर पर आयोजक समिति ने देवी जागरण संध्या का आयोजन किया। उमा देवी चौक पर आयोजित देवी जागरण संध्या में देर रात तक मां उमा के जयकारे लगते रहे। गढ़ रत्न लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी और टीम की ओर से प्रस्तुत भजनों पर देर रात तक श्रद्धालु झूमते रहे।
नरेंद्र सिंह नेगी के हिमवंत देश होला त्रिजुगी नारेण..., जय अंबा जगदंबा, दुर्गा भवानी... और पैर पैर नंदा, पैर पैरा गौरा तु... आदि की प्रस्तुति ने माहौल भक्तिमय बना दिया।
उमा देवी चौक पर मंगलवार रात को आयोजित देवी जागरण संध्या का शुभारंभ मां उमा के चित्र पर दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। ओम नम: रूद्राणि नम:..., नाच नाच चंद्रावती.. अनिल बिष्ट ने जय हो माता दुर्गा भवानी..., आदेश लगांदू बाबा काल का भैरव.. तथा उषा नेगी ने डांड्यूं क्या फुल फुल्यान... सहित अन्य गढ़वाली भजनों और साथी कलाकारों ने शानदार नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।
आयोजक समिति के प्रबंधक नरेंद्र सिंह भंडारी, अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह पुंडीर, राजेंद्र सिंह नेगी, रणवीर कंडवाल, खेमराज भंडारी, महिपाल सिंह नेगी ने गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी और विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी को मां उमा का चित्र देकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। दिनेश थपलियाल और गणेश खुगसाल ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस अवसर पर विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. अनुसूया प्रसाद मैखुरी, मुख्यमंत्री के निजी सचिव कमल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष गैरोला, पूर्व विधायक अनिल नौटियाल, भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य टीका प्रसाद मैखुरी और यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवराज रावत आदि मौजूद थे।
मंदिर परिसर में हुई देवी की पूजा
मंगलवार को गर्भ गृह से बाहर्र आइं मां उमा देवी की पूजा बुधवार को मंदिर परिसर में हुई। पुजारियों और आयोजकों ने मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया है। इस दौरान देवी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में आवागमन रहा। देवी की डोली 25 नवंबर से नगर भ्रमण और 30 को अपने पहले पड़ाव उमट्टा प्रस्थान करेगी।