बदरीनाथ हाईवे के लामबगड़ जोन में बार-बार बाधित होने का सिलसिला सोमवार भी जारी रहा। रविवार देर शाम वाहनों की आवाजाही सुचारु होने के बाद रात को हुई बारिश से सोमवार तड़के यहां हाईवे फिर बाधित हो गया था। बीआरओ के मजदूूरों और मशीनों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सुबह साढे़ आठ बजे हाईवे को सुचारु किया।
रविवार देर रात बारिश से लामबगड़ में टनों मलबा और पत्थर आने से हाईवे बाधित हो गया। बीआरओ के मजदूरों और मशीनों ने सुबह छह बजे यहां हाईवे सुचारु करने का कार्य शुरू किया। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद यहां हाईवे को वाहनों की आवाजाही लायक बना दिया गया।
हाईवे बाधित होने से तीर्थयात्रियों को भी करीब तीन घंटे हाईवे पर बैठ कर गुजारने पड़े। यहां हाईवे सुचारु होने के बाद भी हिल साइड अटके बोल्डर खतरे का सबब बने हुए हैं। उधर, जोशीमठ-मलारी मोटर मार्ग रविवार देर शाम सुचारु हुआ था, लेकिन रात को हुई बारिश से हाईवे तमक गदेरे में पुन: बाधित हो गया है। इससे नीती घाटी के ग्रामीणों की आवाजाही फिर बाधित हो गई है। यहां बीआरओ द्वारा वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
बीआरओ के कमांडर आर सुब्रहमण्यम का कहना है कि लामबगड़ जोन में लगातार हो रही बारिश के चलते मलबा और बोल्डर हाईवे को बाधित कर रहे हैं। यहां हाईवे बंद होने की सूरत में शीघ्र हाईवे सुचारु करने के लिये दो मशीनें तैनात की गई हैं।