चमोली जिले में स्थित भविष्य बदरी जल्द सड़क मार्ग से जुड़ जाएगा। सड़क कटिंग का काम सुभाई गांव तक हो गया है। शनिवार को जैसे ही जेसीबी सुभाई गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने उत्साह के साथ जेसीबी ऑपरेटर का फूल मालाओं से स्वागत किया।
भविष्य बदरी तक सड़क की मांग सालों से चली आ रही है। तपोवन से रिंगी होते हुए करीब 10 किमी सड़क पर इन दिनों कटिंग का काम चल रहा है। सुभाई से भविष्य बदरी कुछ ही दूरी पर है। शनिवार को जैसे ही जेसीबी सुभाई गांव पहुंची तो ग्रामीण खुशी से झूम उठे। सालों पुरानी सड़क की मांग अब पूरी होती देख वह सड़क कटिंग वाले स्थान पर पहुंचे और जेसीबी ऑपरेटर का फूल मालाओं से स्वागत किया। गांव के सौरभ सिंह, ग्राम प्रधान वंदना देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष सरिता देवी, ऐती देवी, जयदीप खंडवाल, महेंद्र, कुंवर सिंह ने कहा कि उम्मीद है कि जल्द से जल्द सड़क का काम पूरा हो यहां वाहनों का संचालन हो।