एसडीएम ने नगर पंचायत के ईओ से मांगा जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी (चमोली)। नगर पंचायत की ओर से संचालित गोसदन में चार गोवंश की मौत को लेकर एसडीएम अबरार अहमद ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से इस मामले में जवाब मांगा है।
नगर क्षेत्र में लावारिस गोवंश के लिए नगर पंचायत ने हाल ही में नखोलियाना के खालीगाढ़ में गोसदन का निर्माण कराया। टिन शेड के बने इस गोसदन को इसी साल 18 मार्च से शुरू किया गया। नगर में घूम रहे 13 गोवंश को इसमें रखा गया। इसकी देखरेख के लिए दो स्थानीय महिलाओं को भी तैनात किया गया लेकिन तीन माह से भी कम समय में यहां चार गोवंश की मौत हो चुकी है। एक गाय को गांव के लोग लेकर जा चुके हैं। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी बीना नेगी ने बताया कि चार गोवंश वृद्ध हो गए थे और उनकी उनकी मौत हुई है। वहीं एसडीएम पोखरी अबरार अहमद ने ईओ नगर पंचायत को गोवंश की मौत मामले में आख्या प्रस्तुत करने और तहसीलदार को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अमित पाल का कहना है कि गोसदन में गोवंशों की समय-समय पर जांच की जाती है। चारा-पानी सब उचित मात्रा में उपलब्ध है। गोवंश में किसी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है। गोवंशों की मौत बढ़ती उम्र, गर्मी या खान पान में फंगस लगने से हो सकती है। इसकी जांच की जा रही है।