जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जवाहर नवोदय विद्यालय पीपलकोटी का निरीक्षण किया। डीएम ने छात्रों की समस्याएं जानीं और छात्रों से सुझाव भी मांगे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और सलाहकार समिति के साथ बैठक कर विद्यालय में करियर काउंसिलिंग के लिए रोस्टर बनाने और सांस्कृतिक क्रियाकलापों के आयोजन के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि यहां से निकलने के बाद बच्चे अपनी अभिरुचि के अनुसार पढ़ाई कर सकें इसलिए करियर काउंसिलिंग जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के लिए भी निर्देशित किया। सीएमओ को विद्यालय में नियमित कैंप लगाने के लिए भी कहा। इसके बाद डीएम ने प्रबंधन समिति और सलाहकार समिति के साथ बैठक की। इस दौरान डीएम से विद्यालय की पेयजल लाइन बार-बार बाधित होने की समस्या रखी और रात में चौकीदार की मांग की गई। डीएम ने अभिभावकों के लिए प्रतीक्षालय, बंदरों से क्षतिग्रस्त छात्रावासों के सोलर यंत्रों को सही कराने, गर्म पानी के लिए आठ अतिरिक्त गीजर लगाने, बीएसएनएल ब्राडबैंड कनेक्टिविटी बार-बार बाधित होने पर एयरटेल का ब्राडबैंड लगाने सहित अन्य समस्याओं के समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल, एसडीएम बुशरा अंसारी, सीएमओ डा. केके सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी एलएम चमोला, प्रधानाचार्य आरआर सिंह, राइंका पीपलकोटी के प्रधानाचार्य रघुवीर सिंह बर्तवाल आदि मौजूद थे।