गोपेश्वर। आगामी त्योहारी सीजन में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए चमोली पुलिस अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत कर रही है। सोमवार को फायर सर्विस की टीमों ने गोपेश्वर, गौचर, कर्णप्रयाग और गैरसैंण नगर क्षेत्रों में स्थापित फायर हाइड्रेंट का निरीक्षण किया।
इस दौरान फायर हाइड्रेंट की भौतिक स्थिति, जलापूर्ति व्यवस्था और कार्यशीलता की जांच की गई। फायर सर्विस की ओर से जिले के अन्य नगर क्षेत्रों में भी फायर हाइड्रेंट का निरीक्षण किया जाएगा। इसके जरिये आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने लोगों से त्योहारों के दौरान आतिशबाजी सावधानीपूर्वक करने, ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित रखने और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। संवाद