जिला चमोली को पिछड़ा क्षेत्र घोषित करने सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर संयुक्त युवा मंच ने एक बार फिर शनिवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है। कहा गया कि बीते दिनों मंच की ओर से मांग को लेकर आमरण अनशन करने पर कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता और तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष लखपत बुटोला ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
यहां आयोजित संयुक्त युवा मंच की बैठक में कहा गया कि सरकार की ओर से जनता को बरगलाने का कार्य किया जा रहा है, जिस पर मंच पदाधिकारियों ने मांग को लेकर दोबारा आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने सीएम से बीते दिनों सहकारी बैंक में हुई नियुक्ति प्रक्रिया की जांच करवाने और उपनल कर्मियों के नियमितीकरण की मांग भी उठाई। जिला उपनल कर्मचारी संघ ने भी युवा मंच को अपना समर्थन दिया है।
मंच के संयोजक रविंद्र सिंह, योगेंद्र बर्तवाल के साथ ही उपनल कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र रावत ने भी भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। इस मौके पर रजनी उनियाल, प्रभा गौड़, अशोक कोहली और अब्बल सिंह भंडारी आदि मौजूद थे।