देवाल। क्षेत्र के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बलाण-आली बुग्याल ट्रैकिंग मार्ग को उत्तराखंड पर्यटन के मानचित्र में शामिल करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री को इस संबंध में एक ज्ञापन भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि बलाण गांव से आली बुग्याल-बेदनी बुग्याल की दूरी करीब आठ से दस किलोमीटर है। यह मार्ग पर्यटकों के लिए सुगम और सरल है। यदि इसे पर्यटन मानचित्र में शामिल किया गया तो ट्रैकिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही गांवों में होमस्टे योजना को भी प्रोत्साहन मिलेगा। बलाण गांव के प्रधान खीमी राम, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप दानू, गोविंद सिंह बिष्ट, रणजीत दानू और सूरज पंचवाल ने मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री से यह मांग की है। संवाद
तहसील में कई अधिकारियों के पद रिक्त
नारायणबगड़। तहसील नारायणबगड़ में तहसीलदार समेत अन्य रिक्त पदों को भरने की मांग के लिए कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव ने उप जिलाधिकारी थराली के माध्यम से जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन भेजा। बताया गया कि नारायणबगड़ विकासखंड में 79 ग्राम पंचायतें हैं लेकिन तहसील में तहसीलदार समेत अन्य कई महत्वपूर्ण पदों पर कर्मियों की नियुक्ति न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव संदीप कुमार पटवाल ने एसडीएम यशवीर सिंह के माध्यम से ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को तहसीलदार की सेवानिवृत्ति हो जाने एवं कनिष्ठ सहायक समेत अन्य कई पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति न होने से लोगों को कार्य करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। संवाद