चमोली के निजमूला घाटी के लिए मोबाइल टावर और मशीनों का फीता काटकर शुभारंभ करते जनप्रतिनिधि।
- फोटो : GOPESHWAR
जिले की निजमूला घाटी में पहली बार शनिवार को जब टेलीफोन की घंटी घनघनाई तो ग्रामीण झूम उठे। ग्रामीणों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के संघर्ष के बाद अब घाटी के 11 गांव संचार से जुड़ गए हैं। बिरही में राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी ने वर्चुअल रूप से जियो रिलायंस टावर का लाइव उद्घाटन किया। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को भी दूर करने का आश्वासन दिया।
निजमूला घाटी के ईराणी, पाणा, झींझी, पगना, दुर्मी, गोणा, धारकुमाला, निजमूला, ब्यारा, सैंजी और गाड़ी गांव के ग्रामीण आज भी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए चिट्ठियों पर निर्भर रहते थे। ईराणी गांव के ग्राम प्रधान मोहन सिंह नेगी ने घाटी की संचार सेवा की स्थिति की जानकारी राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी को दी थी। इस पर उनके सहयोग से जियो रिलायंस ने घाटी को संचार सेवा से जोड़ दिया। जनप्रतिनिधियों ने राज्य सभा सांसद के सम्मुख घाटी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित करने, दुर्मीताल के पुनर्निर्माण, निजमूला घाटी में अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय की स्थापना, सप्तकुंड क्षेत्र को पर्यटन के नक्शे से जोड़ने व रोपवे निर्माण की मांग उठाई। इस मौके पर तारा दत्त थपलियाल, भरत पंवार, देव सिंह गड़िया, दिनेश सिंह, प्रकाश सिंह, मनवर सिंह, चंद्रमोहन, बलवीर, सीमा और उमेश थपलियाल आदि मौजूद थे।