लोक निर्माण विभाग (एनएच) ने चमोली-मंडल-ऊखीमठ-कुंड सड़क का सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया है। चमोली से 36 किमी तक सड़क पर डामरीकरण के साथ ही नाली निर्माण, क्रश बैरियर व सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।
बीते वर्ष जुलाई माह में आपदा के कारण कई जगहों पर चमोली-मंडल-ऊखीमठ-कुंड सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे लोगों और यात्रियों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। चमोली-ऊखीमठ मार्ग केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा का वैकल्पिक मार्ग भी है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह और सतेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कई जगहों पर मार्ग अभी भी खतरनाक बना है। विभाग को सभी जगहों पर सुधारीकरण कार्य किया जाना चाहिए। इधर, लोनिवि (एनएच) के ईई जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग को चाक-चौबंद कर दिया जाएगा। चमोली से 36 किमी तक सड़क पर डामरीकरण किया जाएगा। नालियां, क्रश बैरियर व अन्य सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे। ब्यूरो