बदरीनाथ धाम यात्रा को लेकर धाम में की जा रही तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यहां बीकेटीसी और अन्य विभागों के कर्मचारी इन दिनों तैयारियों में जुटे हुए हैं। बीकेटीसी के अधिकारियों के मुताबिक मंदिर में अब सिर्फ रंग रोगन का कार्य शेष है, जबकि निगम की ओर से बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।
बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी छह मई को श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। इन दिनों बीकेटीसी, ऊर्जा निगम, उरेडा, जल संस्थान, जीएमवीएन और नगर पंचायत के कर्मचारी साफ सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हैं। ऊर्जा निगम और उरेडा की ओर से बामणी गांव के समीप स्थित लघु जल विद्युत परियोजना का संचालन शुरू कर दिया गया है। पेयजल लाइनों के सुधारीकरण का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है।
नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर धाम के पैदल रास्तों, शौचालयों और सड़कों की साफ-सफाई और सुधारीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह का कहना है कि आगामी 30 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी जाएंगी।