कोरोना से लड़ने के लिए किया गया लॉकडाउन चमोली जिले में सफल दिख रहा है। सुबह मिल रही छूट में लोग जरूरत का सामान खरीदने बाजार आ रहे हैं, लेकिन भीड़ कम ही नजर आ रही है। दुकानों में लगातार हो रही खाद्य सामग्री और सब्जी आदि की आपूर्ति से लोग अब निश्चिंत नजर आ रहे हैं। वहीं उर्गम घाटी, निजमूला घाटी, ल्वाणी, रामणी बाजारों में भी दोपहर बाद सन्नाटा पसर रहा है। गोपेश्वर, चमोली, जोशीमठ, पोखरी, घाट आदि सभी जगह पर भी यही स्थिति है। पुलिस भी लगातार लोगों के बाजार आने के दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए लोगों को कह रही है। हालांकि अधिकांश जगह पर लोग खुद ही इसका पालन करते नजर आ रहे हैं। कर्णप्रयाग और थराली सहित आसपास के क्षेत्रों में जनता लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कर रही है। यहां राशन की दुकानों में सोशल डिस्टेंस बनाकर लोग राशन ले रहे हैं।
गैरसैंण। एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने कहा कि क्षेत्र में कोई भूखा न रहे और कोई छुुपकर क्षेत्र के अंदर प्रवेश न करने पाए इस पर पूरी निगरानी रखी जा रही है। नायब तहसीलदार राकेश पल्लव ने बताया कि क्षेत्र में खाद्यान्न आपूर्ति में कमी नहीं है।