कहा- वर्ष 2018 में सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बावजूद अधूरा पड़ा है काम
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। विकासखंड की ग्राम पंचायत गनोली के ग्रामीण सड़क निर्माण में हो रही देरी से नाराज हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 26 नवंबर 2026 से वे स्वयं गैंती और फावड़ा लेकर श्रमदान से सड़क निर्माण शुरू करेंगे।
कांचुला-गैन सजाकटा मोटर मार्ग को वर्ष 2006 में सरकार से स्वीकृति मिली थी और 2018 में सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बावजूद अब तक केवल ढाई किमी सड़क ही बन पाई है, जबकि चार किमी से अधिक निर्माण कार्य लंबित है। ग्रामीण दर्शन सिंह, ग्राम प्रधान कुसुम देवी और सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क न होने से तीन से अधिक गांवों के लोग मूलभूत सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से वंचित हैं। उन्हें तीन किमी से अधिक की खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती है। ज्ञापन की प्रतिलिपि एसडीएम कर्णप्रयाग, थानाध्यक्ष कर्णप्रयाग और पीएमजीएसवाई कार्यालय को भी भेजी गई है। पीएमजीएसवाई के ईई सचिन कुमार ने बताया कि सड़क का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
नंदकेशरी-जौला मार्ग की नहीं हुई मरम्मत
थराली। नंदकेशरी-जौला मार्ग की हालत खराब होने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को जान का जोखिम बना हुआ है। भूस्खलन से धंसे मार्ग की अब तक मरम्मत नहीं हुई है। न सुरक्षा दीवार बनी और न ही मार्ग चौड़ा हुआ। वहीं स्कपर का लिंटर खोखला होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। अखोड़सारी, झड़िया और चिडंगा मल्ला गांव के 30 से अधिक बच्चे इसी मार्ग से स्कूल जाते हैं। यह देवाल बाजार पहुंचने का एकमात्र रास्ता भी है। ग्राम प्रधान राकेश चंद्र और लक्ष्मी देवी कई बार विभाग को पत्र देकर सड़क सुधारने की मांग कर चुके हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि बड़ी दीवार निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर निर्माण कराया जाएगा। सड़क चौड़ी करने के लिए जेसीबी मशीन भेजी जाएगी।