सड़क निर्माण को लेकर लोनिवि ने गेंद क्षेत्रीय विधायक के पाले में डाली
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/नंदप्रयाग। नंदानगर ब्लॉक के सुदूरवर्ती गांवों के लिए कोप्टर-लेकी-कठूड़ा-डुवा (6 किमी) सड़क निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग ने अब गेंद क्षेत्रीय विधायक के पाले में डाल दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क के शुरुआती चार किलोमीटर क्षेत्र में वन भूमि नहीं है। क्षेत्रीय विधायक यदि सहमति दें तो इस पर जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की ओर से सड़क निर्माण में अनावश्यक देरी की जा रही है।
राज्य योजना के अंतर्गत घाट (अब नंदानगर)-थराली मार्ग के 10 किमी से कोप्टर-लेकी-कठूड़ा-डुवा सड़क को वर्ष 2022-23 में स्वीकृति मिली थी। तब से यह सड़क वन भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर रुकी हुई है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई। विजय सिंंह का कहना है कि उन्हें गंतव्य तक जाने के लिए करीब 4 किमी की पैदल दूरी नापनी पड़ती है। ग्राम प्रधान/प्रशासक हेमंतीनंद मैंदोली का कहना है कि कई बार तहसील और क्षेत्र पंचायत की बैठकों में सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इधर, लोनिवि कर्णप्रयाग के ईई नवीन लाल वर्मा का कहना है कि सड़क के शुरुआत में 4 किमी तक वन भूमि नहीं है। इससे आगे वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। यदि क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा फिलहाल 4 किमी सड़क निर्माण के लिए अपनी सहमति दे दें तो इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे लेकी और कठूड़ा तक के गांव सड़क से जुड़ जाएंगे।
कोट
कोप्टर-लेकी-कठूड़ा-डुवा सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से चल रही है। यदि लोनिवि शुरुआत के चार किमी पर सड़क का निर्माण करती है तो मेरी ओर से इसमें कोई आपत्ति नहीं है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से बात की जाएगी। - भूपाल राम टम्टा, विधायक, थराली विधानसभा क्षेत्र, चमोली।