खेता गांव में आयोजित पिंडारी संघर्ष समिति की बैठक में ग्रामीणों ने हरमल व ओडर में बनने वाले झूला पुलों के लिए धनराशि स्वीकृत न होने पर नाराजगी जताई। समिति के सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र के लोग मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। कहा गया यदि जल्द समस्याएं नहीं होतीं तो आंदोलन किया जाएगा।
समिति के अध्यक्ष युवराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व जिला पंचायत सदस्यों को सक्रिय सदस्य बनाकर क्षेत्र के विकास के लिए रणनीति बनाई गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि हरमल, चोटिंग, उदयपुर, झलिया, उपथर, कुंवरगढ़ सहित कई गांव सड़क से नहीं जुड़ पाए हैं। साथ ही पिंडर नदी में मोटर पुल न बनने से तोरती सड़क पर वाहन नहीं चल पा रहे हैं। ग्रामीणों ने देवाल-खेता सड़क दुरुस्त करने, वर्ष 2013 की आपदा से क्षतिग्रस्त हरमल व ओडर झूला पुल बनाने, गांवों को दूरसंचार सुविधा उपलब्ध कराने, देवाल-चोटिंग-हरमल-पिंडारी रूट को विकसित करने की मांग उठाई। इस मौके पर प्रमुख दर्शन दानू, हरीश गड़िया, खिलाप सिंह, रमेश गड़िया, धर्म सिंह, हरेंद्र गड़िया, राजेंद्र सिंह, मोहन राम, दिलमणी जोशी, रूप सिंह, कलावती देवी, उर्वी दत्त, भवानी दत्त, कविता, विमला और बलवंत सिंह आदि मौजूद थे।