अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सहित अन्य 14 सूत्री मांगों को लेकर तहसील मुख्यालय पर व्यापार संघ बुधवार से आमरण अनशन करेगा। व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट ने कहा कि लोग लगातार अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन नियुक्तियां न होने से लोग उपचार के लिए रानीखेत और श्रीनगर जाने को विवश हैं। वहीं धुनारघाट से बाटाधार सड़क सुधारीकरण, नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं की रख रखाव व्यवस्था करने, रिखोली- जागड़ी- सेरा- नैल मोटर मार्ग का डामरीकरण ,गैरसैंण-धारगैड़ सड़क का विस्तारीकरण, जूनियर हाईस्कूल महरगांव से पज्याणा मोटरमार्ग का निर्माण, भराड़ीसैंण से सिलपाटा मोटर मार्ग निर्माण सहित अन्य मांगों पर लगातार कार्रवाई की मांग करते आ रहे हैं। कार्रवाई नहीं होने से बुधवार से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।