कर्णप्रयाग तहसील के त्रिकोट गांव में आग से जला हुआ आवासीय मकान।
- फोटो : KARNPRYAG
तहसील के त्रिकोट गांव में एक मकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन आग से दो कमरे और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
बुधवार को पटवारी क्षेत्र कोटी के त्रिकोट गांव निवासी भरत सिंह कोटियाल पुत्र इंद्र सिंह, परिवार सहित कृषि कार्य के लिए खेतों में गए थे। इसी दौरान दोपहर एक बजे उसके मकान में आग लग गई। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर मुश्किल से आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सूचना पर तहसीलदार गांव पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया गया। तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि मकान में आग लगने से दो कमरे जल गए और कपड़े, बर्तन, राशन व अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया गया। संवाद