ग्राम पंचायत कौब के अंतर्गत थान गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से एक मकान के दो कमरे जल गए।
क्षेपं सदस्य केपी सती ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12.30 बजे थानगांव के झाला-टाला तोक में दिनेश लाल के मकान में आग लग गई। घटना के समय परिजन मनरेगा के कार्य पर गए थे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान के दो कमरे और सामान जल चुका था। दिनेश लाल के बच्चों की स्कूली किताबें व महत्वपूर्ण अभिलेख भी जलकर नष्ट हो गए हैं। केपी सती ने प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी अतुल कुमार ने कहा कि अवर अभियंता को मौके पर भेज दिया गया है।