सड़क निर्माण के चलते लिया गया निर्णय, नगर के यातायात को तहसील रोड पर किया डायवर्ट
गैरसैंण। नगर के मुख्य बाजार से जीएमवीएन विश्राम गृह के पास तक करीब 750 मीटर लंबी सड़क का सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है, जिससे इस अस्पताल सड़क पर वाहन नहीं चल सकेंगे। ऐसे में नगर के यातायात को तहसील रोड पर डायवर्ट किया गया है।
बीते वर्ष मार्च माह में अस्पताल सड़क के सुधारीकरण के लिए एक करोड़ तीस लाख की स्वीकृति मिली थी। लोक सभा, निकाय चुनाव और तमाम प्रक्रियाओं के बाद अब इस सड़क पर काम शुरू कर दिया गया है, जिसमें इंटर लाकिंग टाइल्स, नालियां आदि तमाम निर्माण होने हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत, पूर्व सभासद पुष्कर कोलखी, भाजपा वरिष्ठ नेता रामचंद्र गौड़, वीरेंद्र टम्टा ,सभासद मंगल नारायण आदि ने खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क बदहाल थी। सड़क बनने के बाद लोगों को सुविधा मिलेगी। लोनिवि के ईई जेपी थपलियाल ने बताया कि मार्च 2024 में 750 मीटर लंबा अस्पताल मोटर मार्ग के लिए इंटरलाॅक टाइल्स को मंजूरी मिलने के बाद लोकसभा चुनावों के चलते कार्य में बिलंब हुई थी। टेंडर का समय सितंबर 2025 तक है। निर्धारित समय से पूर्व ही सड़क का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।