करीब साढ़े तीन करोड़ की लागत से हुआ निर्माण
नवनिर्मित भवन में उपजिला अस्पताल का होगा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। पिछले तीन वर्षों से साढ़े तीन करोड़ की लागत से निर्माणाधीन नया अस्पताल भवन बनकर तैयार हो गया है। अब इसके शुभारंभ का इंतजार है। इसके बाद इस नवनिर्मित भवन में उपजिला अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा जिससे विकासखंड की 50 हजार से अधिक आबादी को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उपजिला अस्पताल में अपग्रेड करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर होने के साथ ही यहां विधिवत कामकाज शुरू हो जाएगा। इस भवन में बिजली, पानी की व्यवस्था के साथ-साथ पूरी ऑक्सीजन लाइन बिछाई जा चुकी है। भवन में लेबर रूम, महिला वार्ड, आईसीयू और इमरजेंसी वार्ड संचालित होंगे। इसमें पांच कक्ष प्रशासनिक कार्यों और पांच कक्ष स्टाफ रूम के लिए निर्धारित किए गए हैं। नए भवन में शिफ्टिंग के बाद पुराने भवन के रिक्त कमरों का उपयोग ओपीडी विस्तार के लिए किया जाएगा। सीएमएस डॉ. अर्जुन रावत ने बताया कि अस्पताल में वर्तमान में पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ है। नए भवन के कमरों के लिए आवश्यक सामग्री की आपूर्ति होते ही उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन कर दिया जाएगा।