औली में पिछले तीन दिनों से हुई बर्फबारी के बाद अब यहां राष्ट्रीय जूनियर स्कीइंग चैंपियनशिप के आयोजन की उम्मीद जगी है। औली में करीब दो फीट तक बर्फ जमीं हुई है, जबकि औली स्लोप पर करीब ढाई फीट बर्फ जमीं हुई है।
पूर्व में यहां 19 फरवरी से राष्ट्रीय जूनियर स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन होना प्रस्तावित था, लेकिन क्षेत्र मेें कम बर्फबारी के बाद विंटर गेम्स एशोसिएशन और जीएमवीएन ने चैंपियनशिप को स्थगित करने का निर्णय लिया था।
विगत बृहस्पतिवार रात से बदले मौसम के बाद औली में जमकर बर्फबारी हुई है। यहां अभी भी दो से ढाई फीट बर्फ जमीं हुई है। भारी बर्फ को देखते हुए विंटर गेम्स एसोसिएशन और जीएमवीएन अब फिर से राष्ट्रीय जूनियर स्कीइंग चैंपियनशिप के आयोजन की योजना बना रहा है। जीएमवीएन के महाप्रबंधक बीएल राणा का कहना है कि औली में राष्ट्रीय जूनियर स्कीइंग चैंपियनशिप के आयोजन को लेकर जल्द ही विंटर गेम्स एसोसिएशन के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
होली त्योहार के बाद स्नो बीटर मशीनों से स्लोप पर बर्फ को दबाया जाएगा। इसके बाद चैंपियनशिप के आयोजन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।