गोपेश्वर। सीमांत नीती घाटी के गमशाली गांव में आयोजित होम महायज्ञ पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया है। महायज्ञ संपन्न होने के बाद क्षेत्र में बारिश हुई। महायज्ञ के बाद बारिश होने को शुभ माना जाता है।
भोटिया जनजाति के ग्रामीण अपने आराध्य देवताओं के दर्शनों को नीती घाटी पहुंचे हुए थे। बृहस्पतिवार को तड़के से ही भूमियाल देवता और फैला पंचनाग देवता के मंदिर में विशेष पूजाएं शुरू हुई। आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजा अर्चना संपन्न की।
गोपेश्वर की नंदी राणा ने बताया कि प्रतिवर्ष नीती घाटी में महायज्ञ का आयोजन किया जाता है। धार्मिक आयोजनों में देश के कोने-कोने से भोटिया जनजाति के श्रद्धालु क्षेत्र में पहुंचते हैं। भोटिया जनजाति की ध्याणियां भी अपनी परंपरागत वेशभूषा में इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुईं। इस मौके पर डॉ. सीपीएस चौहान, सरपंच देवेंद्र सिंह, नीतू खाती, केएस कुंवर, मोहन घरिया, कुसुम घरिया, वीरेंद्र फोनिया, प्रदीप बंपाल, हरि रावत आदि मौजूद रहे। संवाद