बदरीनाथ हाईवे पर भनेरपाणी में मलबा हटाने में जुटी एनएच की जेसीबी मशीन।
- फोटो : GOPESHWAR
बारिश के कारण मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे पीपलकोटी के पास भनेरपाणी तोक में करीब 16 घंटे तक बंद रहा। ऐसे में स्थानीय लोगों के साथ ही बदरीनाथ धाम जा रहे यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। हाईवे खुला तो लोग अपने गंतव्य हो रवाना हुए। वहीं, लामबगड़ में भी तीन घंटे तक हाईवे बंद रहा। वहीं उत्तरकाशी जिले में भी गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे भी घंटों बंद रहा।
चमोली जिले में पीपलकोटी के पास भनेरपाणी के पास बदरीनाथ हाईवे पर लगातार मलबा आ रहा है। बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे मूसलाधार बारिश होने से यहां पर भारी मात्रा में मलबा आ गया और हाईवे बंद हो गया। एनएच की जेसीबी सुबह से ही हाईवे खोलने में जुट गईं। भनेरपाणी में दोपहर करीब तीन बजकर 20 मिनट पर हाईवे खोला जा सका। इस दौरान बदरीनाथ धाम जाने वाले यात्री पीपलकोटी में ही फंसे रहे। हाईवे खुलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। उधर, लामबगड़ में शुक्रवार सुबह छह बजे मलबा आने से हाईवे बंद हो गया था। एनएच की तीन जेसीबी ने मलबा हटाने का काम शुरू किया, जिसके बाद सुबह नौ बजे तक हाईवे खोल दिया गया।
वहीं उत्तरकाशी जिले में बृहस्पतिवार रात को कई मूसलाधार बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे ओजरी-डबरकोट, कुथनौर व पालीगाड़ क्षेत्रों में भारी भूस्खलन से बंद हो गया। शुक्रवार सुबह मौसम साफ होने पर एनएच के कर्मचारियों ने इन स्थानों पर मलबा हटाना शुरू किया और दोपहर दो बजे तक मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया। इधर गंगोत्री हाईवे भटवाड़ी से आगे थिरांग में भूस्खलन से बंद हुआ। यहां बीआरओ ने शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे हाईवे खोल दिया।
कई मोटर मार्ग हुए बंद, ग्रामीण परेशान
उत्तरकाशी/बड़कोट। यमुनोत्री, गंगोत्री हाईवे के अलावा जिले में धरासू-जोगत, जसपुर, भुक्की कुज्जन और सरनौल मोटर मार्ग भी जगह-जगह भूस्खलन से बंद हो गए, जिसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभाग इन स्थानों पर मलबा हटाकर यातायात बहाली के प्रयास में जुटे हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने के प्रयास चल रहे हैं। जल्द ही सभी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सुचारु कर ली जाएगी।